बीसीसीआई द्वारा महेंद्र सिंह धोनी को टी 20 विश्व कप 2021 के लिए टीम इंडिया के मेंटर के रूप में नामित किये जाने के बाद से क्रिकेट जगत में हलचल है। कई प्रशंसकों और विशेषज्ञों ने उनके मेंटर बनाये जाने के बीसीसीआई के फैसले की सराहना की है। अब उनमें एक नाम और जुड़ गया है, वह है भारत के पूर्व विकेटकीपर फारुख इंजीनियर। उन्होंने धोनी को मेंटर के नियुक्त किये जाने या टी 20 विश्व कप के बाद एक बड़ी भूमिका निभाने का समर्थन किया।
पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लेने वाले धोनी कुछ वर्षों से लाइमलाइट से दूर रहे हैं। हालांकि, टी 20 विश्व कप 2021 के लिए टीम इंडिया का मेंटर नियुक्त किये जाने के बाद से वह दोबारा लाइमलाइट में आ गये हैं। महेंद्र सिंह धोनी का 2019 विश्व कप सेमीफाइनल के बाद भारतीय टीम के साथ यह पहली भागीदारी भी होगी।
धोनी सबसे सफल कप्तानों में से एक
इस बारे में बात करते हुए भारत के पूर्व विकेटकीपर फारुख इंजीनियर ने धोनी को मेंटर के रूप में बने रहने या टी 20 विश्व कप के बाद एक बड़ी भूमिका निभाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि धोनी अब तक के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। वास्तव में, वह कप्तान के रूप में 50 ओवर के विश्व कप, 20 ओवर के विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। इसलिए, इंजीनियर का मानना है कि धोनी के अनुभव और ज्ञान से निश्चित रूप से विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम को फायदा होगा।
धोनी की उपस्थिति का टीम पर पड़ेगा बहुत प्रभाव
फारुख इंजीनियर ने स्पोर्ट्स तक से बातचीत में बताया कि एमएस धोनी को इस रोल में देखकर मैं थोड़ा हैरान था, लेकिन क्यों नहीं? आईपीएल में मेंटर हैं। धोनी के पास हमेशा और अभी भी मिडास टच है और उन्होंने जो कुछ भी छुआ है वह सोने में बदल गया है। इसलिए, ड्रेसिंग रूम में उनकी उपस्थिति का टीम पर बहुत प्रभाव पड़ेगा।
अच्छे और आकर्षक क्रिकेटर को फैंस याद रखेंगे
उन्होंने कहा “एक गुरु क्या करता है? यह एक सम्मानजनक बात है। सचिन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस के मेंटर हैं। उनके और सचिन जैसे लोगों का आसपास होना बहुत अच्छा है। हमारे जमाने में एक बार जब आप खेल छोड़ देते हैं तो लोग हमें भूल जाते हैं। लेकिन आज फैंस भूले नहीं हैं। अगर आप अच्छे और आकर्षक क्रिकेटर हैं तो प्रशंसक आपको हमेशा याद रखेंगे।