Advertisment

मध्य प्रदेश ने रचा इतिहास, पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी का खिताब, फाइनल में मुंबई को 6 विकेट से हराया

मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2022 के फाइनल मुकाबले में 41 बार की चैंपियन मुंबई को 6 विकेट से हराकर खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है।

author-image
Justin Joseph
New Update
(Photo Source : Twitter/BCCI)

(Photo Source : Twitter/BCCI)

मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2022 के फाइनल मुकाबले में 41 बार की चैंपियन मुंबई को 6 विकेट से हराकर खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। आदित्य श्रीवास्तव की कप्तानी में मध्य प्रदेश की टीम क्रिकेट इतिहास में पहली बार रणजी चैंपियन बनी है। मध्य प्रदेश के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा।

Advertisment

मैच के आखिरी दिन मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने अच्छा खेल दिखाते हुए मुंबई को बड़ा स्कोर बनाने से रोका और इस तरह मध्य प्रदेश को सिर्फ 108 रनों का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए मध्य प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और यश दुबे सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने। हालांकि इसके बाद हिमांशु मंत्री और शुभम शर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए पारी को संभाला। अंत में रजत पाटीदार ने 30 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को पहली बार चैंपियन बनाया।

मध्य प्रदेश ने चार विकेट के नुकसान पर 108 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 374 रन बनाए, जिसमें यशस्वी जायसवाल ने 78 और सरफराज खान ने 134 रनों की पारी खेली। वहीं मध्य प्रदेश की ओर से गौरव यादव ने 4 और अनुभव अग्रवाल ने 3 विकेट हासिल किए।

पहली पारी के आधार पर मध्य प्रदेश ने बनाई विशाल बढ़त

मुंबई के 374 रनों के जवाब में मध्य प्रदेश के बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और पहली पारी में 536 रनों का स्कोर खड़ा करते हुए पहली पारी के आधार पर 162 रनों की विशाल बढ़त हासिल की। मध्य प्रदेश के लिए सलामी बल्लेबाज यश दुबे ने 133 रन बनाए, जबकि शुभम शर्मा ने 116 रनों की पारी खेली। इसके अलावा रजत पाटीदार ने 122 रन और सारांश जैन ने 57 रन बनाए।

 

दूसरी पारी में मुंबई के बल्लेबाज बेहतर बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर सके और सुवेद पारकर 51 के अलावा पृथ्वी शॉ 44 और सरफराज खान 45 रनों का ही योगदान दे सकें। मुंबई की पूरी टीम 269 रनों पर सिमट गई। मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय ने चार विकट और गौरव यादव व पार्थ साहनी को 2-2 विकेट मिले। आखिरी में 108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश ने 29.5 ओवर में 4 विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया।

Cricket News India General News India Domestic Cricket