Advertisment

अर्जुन तेंदुलकर को इस सीजन क्यों नहीं मिला खेलने का मौका, मुंबई के बॉलिंग कोच ने किया खुलासा

मुंबई के बॉलिंग कोच शेन बॉन्ड ने बताया कि अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने से पहले अपनी बल्लेबाजी और फील्डिंग पर काम करने की जरूरत है।

author-image
Justin Joseph
New Update
Arjun Tendulkar. (Photo Source: Twitter)

Arjun Tendulkar. (Photo Source: Twitter)

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई के लिए इंडियन टी-20 लीग 2022 का सफर अच्छा नहीं रहा। मुंबई ने 14 मैचों में से सिर्फ 4 मैच जीते और अंकतालिका में आखिरी पायदान पर रही। पांच बार की चैंपियन इस साल प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। फ्रेंचाइजी ने जिन खिलाड़ियों से उम्मीद की थी, वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, जबकि तिलक वर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, टिम डेविड जैसे युवाओं ने बेहतरीन खेल दिखाया।

Advertisment

हालांकि, इन युवाओं में अर्जुन तेंदुलकर भी शामिल थे, लेकिन टूर्नामेंट में उन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। मुंबई ने उन्हें 2022 के मेगा नीलामी में खरीदा था। पिछले साल भी मुंबई ने अर्जुन को टीम में शामिल किया था। दोनों सीजन में अर्जुन बिना कोई मैच खेले ही रह गए। अब इस पर मुंबई के बॉलिंग कोच शेन बॉन्ड ने अपनी राय रखी है।

शेन बॉन्ड ने बताया आखिर क्यों नहीं खेले अर्जुन तेंदुलकर

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज ने जोर देकर कहा कि अर्जुन तेंदुलकर को अभी सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने से पहले अपनी बल्लेबाजी और फील्डिंग पर काम करने की आवश्यकता है।

शेन बॉन्ड ने स्पोर्ट्सकीड़ा से बातचीत में बताया कि उन्हें जगह बनाने के लिए कुछ काम करना पड़ेगा। जब आप मुंबई जैसी टीम के लिए खेल रहे हों तो टीम में जगह बनाना एक बात है और प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना दूसरी बात है। उन्हें अभी बहुत मेहनत और सुधार करना है। अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने से पहले अपनी बल्लेबाजी और फील्डिंग पर काम करने की जरूरत है।

इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने बेटे को सफलता का मंत्र दिया था और मेहनत जारी रखने की सलाह दी थी। तेंदुलकर ने कहा था, 'अर्जुन के साथ मेरी हमेशा बातचीत होती रही है कि रास्ता काफी चुनौतीपूर्ण है और कठिन होने वाला है। मैंने उसे कहा कि आपने क्रिकेट खेलना इसलिए शुरू किया, क्योंकि आप क्रिकेट से प्यार करते हैं। ऐसा करना जारी रखें और कड़ी मेहनत करते रहें। आपको इसका परिणाम जरूर मिलेगा।'

Cricket News General News T20-2022 INDIAN PREMIER LEAGUE 2023 Mumbai