भारत के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक युवराज सिंह आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन पर क्रिकेट जगह की हस्तियों के साथ प्रशंसकों ने उन्हें ढेर सारे बधाई संदेश भेजे। इस बीच विराट कोहली ने अलग अंदाज में युवराज सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने युवराज सिंह के साथ बिताये हुए पलों को वीडियो के जरिए साझा किया है।
विराट कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किये वीडियो में कहा कि कैसे उन्होंने अंडर-19 दिनों के दौरान पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के साथ अच्छा समय बिताया। और कैसे उनका सीनियर टीम में स्वागत किया गया। कोहली ने बताया कि पंजाबी पृष्ठभूमि से होने के कारण उनके और युवराज सिंह के बीच के काफी तालमेल था।
Birthday wish to @YUVSTRONG12 from @imVkohli 🍰❤ pic.twitter.com/aVccJ2NbMM
— Barsha Vkohli 🇮🇳 (@barshaVkohli18) December 12, 2021
उन्होंने कहा,’मैं अंडर-19 विश्व कप से आया था। उन्होंने मेरा बहुत अच्छी तरह स्वागत किया। मुझे कंमर्टेबल महसूस कराया। मेरे साथ मजाक करना शुरू कर दिया और हमारे खाने की पसंद एक जैसी थी। हम दोनों पंजाबी हैं, पंजाबी संगीत पसंद करते हैं। मुस्कुराते हुए कहा कि अच्छे कपड़े, जूते इन सभी प्रकार की चीजें वर्षों से सामान्य रही हैं। हम बाहर जाते थे और जाहिर तौर पर एक समूह में एक साथ काफी खरीदारी करते थे। इसलिए हमारे पसंद काफी समान थे।
विराट कोहली ने बताया मजेदार किस्सा
कोहली ने पिछली घटनाओं को याद करते हुए एक मजेदार किस्सा बताया। कोहली ने कहा कि कैसे युवी उनके पास सुबह के 3.30 बजे यह कहते हुए आये कि वे साइकिल से कोलंबो जा रहे हैं। उनके इस विचार पर सभी हंसते हुए फर्श पर गिर गये थे, क्योंकि यह हांस्यापद घटना थी। युवराज सिंह ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया।
युवराज सिंह ने भारत के लिए 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी-20 मैच खेलें हैं। उन्होंने टेस्ट में 1900 रन, वनडे में 8701 रन और टी-20 में 1177 रन बनाये हैं। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में 10 विकेट, वनडे में 111 विकेट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 29 विकेट लिए हैं। उनके नाम टी-20 में सबसे तेज 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी है।