/sky247-hindi/media/post_banners/1qYlVJ24ZKFPHwLUPLNg.jpg)
Indian Football Team (Photo by AIFF)
भारत ने बुधवार को मालदीव को 3-1 से हराकर सैफ चैंपियनशीप फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत के लिए मनवीर सिंह ने पहला गोल किया। इसके अलावा कप्तान सुनील छेत्री ने दो गोल किये। मालदीव के लिए अली अशफाक ने एकमात्र गोल किया। अब सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में 16 अक्टूबर को भारत का सामना नेपाल से होगा।
भारतीय टीम ने शुरू से ही मैच में दबदबा बनाया
भारत ने शुरू से ही मैच पर अपना दबदबा बनाया और मनवीर सिंह ने भारत के लिए जरूरी मैच में 33वें मिनट में गोलकर भारत को बढ़त दिलाई। लेकिन अशफाक अली ने मालदीव के लिए हॉफ टाइम से कुछ समय पहले ही एक गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ में भारत ने अपनी आक्रामकता को बढ़ाया। टीम के कोच ने बदलाव किया और 51वें मिनट में उदांता सिंह को ब्रेंडन फर्नांडीज की जगह भेजा। 62वें मिनट में भारत को सफलता मिल गई। मानवीर के पास एक क्रॉस पास आया जिसे उन्होंने अपने सीने से रोका और समय लेते हुए कप्तान छेत्री को पास किया। सुनील छेत्री ने गेंद को नेट में पहुंचाने में कोई गलती नहीं की। 71वें मिनट में भारतीय कप्तान ने एक और गोल कर दिया। इस बार उन्होंने यह गोल अपने हैडर से किया और भारत को दो गोलों की बढ़त दिला दी।
छेत्री ने महान खिलाड़ी पेले को पीछे छोड़ा
कप्तान सुनील छेत्री ने सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में अब ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले को पीछे छोड़ दिया है। सुनील छेत्री ने 124 मैचों में 79 गोल किये हैं। इससे पहले नेपाल के खिलाफ एक गोल कर छेत्री ने पेले के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। वह अब अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी 80 गोल से सिर्फ एक गोल कम है। मेसी पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो 115 गोल के बाद सक्रिय खिलाड़ियों में दूसरे सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय गोल स्कोरर हैं।