/sky247-hindi/media/post_banners/T8HzlfxY6iJYoiHBHPsG.jpg)
Indian men's hockey team against France in FIH Pro League. (Photo Source: Twitter)
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल का सूखा खत्म करते हुए टोक्यो ओलंपिक में पदक हासिल करके इतिहास रच दिया। इस मुकाम को हासिल करने के लिए टीम ने पिछले 3-4 साल से कड़ी मेहनत की है, जिसमें उसके लिए FIH पुरुष प्रो लीग में खेलना सहायक रहा है। अब इसी टूर्नामेंट के 2021-22 संस्करण में अपने अभियान का शानदार आगाज करते हुए भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फ्रांस को 5-0 से परास्त किया। टीम इंडिया के लिए हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, शमशेर सिंह, मंदीप सिंह और आकाशदीप सिंह ने गोल किए।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार आगाज
भारत और फ्रांस के बीच विश्व रैंकिंग में काफी अंतर है जिसे देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा था कि टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला काफी आसान रहेगा। हालांकि, पहले क्वार्टर में ऐसा बिल्कुल नहीं लगा क्योंकि फ्रांस की तरफ से अच्छा आक्रमण देखने को मिल रहा था। शुरुआती 15 मिनट में भारत ने भी कुछ अच्छे मौके बनाए लेकिन वे उन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे।
दूसरे क्वार्टर में तस्वीर पूरी तरह से पलट गई और टीम इंडिया ने इसमें तीन गोल कर दिए। 21वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को स्टार ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने तेजतर्रार शॉट मारते हुए गोल किया। इसके तीन मिनट बाद ही वरुण कुमार ने भी पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। निलाकांता शर्मा ने फ्रांस को मिले पीसी से एक काउंटर-अटैक शुरू किया जिसे कुछ पास कर जरिए शमशेर सिंह ने गोल कर भारत को तीन गोल की बढ़त दिलाई।
पहला हाफ मिला-जुला रहने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने तीसरे क्वार्टर में जबरदस्त तेजी दिखाते हुए 32वें मिनट में मनदीप सिंह की बदौलत अपना चौथा गोल किया। बीच-बीच में फ्रेंच टीम ने भारतीय खेमे की तरफ बढ़ने का प्रयास किया लेकिन टीम इंडिया की रक्षापंक्ति ने उन्हें गोल से दूर रखा। 41वें मिनट माँ आकाशदीप सिंह ने टीम के लिए पांचवां गोल कर अपने 200वें मैच को खास बनाया।
अंतिम क्वार्टर में फ्रेंच टीम ने आक्रामकता के साथ शुरुआत की और लगातार पेनाल्टी कॉर्नर अपनी झोली में डाला। हालांकि, वे इनमें से एक को भी अपने पक्ष में नहीं कर पाए और उनकी गोलों की संख्या शून्य पर अटकी रही। भारतीय टीम ने इस क्वार्टर को भी समझबूझ से खेला और गेंद को लंबे समय तक अपने पास रखने की कोशिश की।