Advertisment

FIH प्रो लीग के इस सत्र में खेलेगी भारतीय महिला हॉकी टीम

आगामी महिला हॉकी प्रो लीग में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के पुल-आउट के बाद केवल इस सत्र के लिए भारत और स्पेन की टीम खेलेगी।

author-image
Justin Joseph
New Update
India women hockey team players in action at the Tokyo Olympics. (File)

India women hockey team players in action at the Tokyo Olympics. (File)

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने शुक्रवार को कहा कि आगामी महिला हॉकी प्रो लीग में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के पुल-आउट के बाद केवल इस सत्र के लिए वैकल्पिक टीमों के रूप में भारत और स्पेन की टीम खेलेगी। महिला एफआईएच हॉकी प्रो लीग का तीसरा सीजन 13 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसमें ओलंपिक और विश्वचैपिंयन नीदरलैंड का सामना बेल्जियम से होगा।

Advertisment

भारत और स्पेन की महिला टीमें होंगी शामिल

एफआईएच ने एक बयान में कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और स्पेन की महिला टीमें एफआईएच हॉकी प्रो लीग 'हॉकी एट इट्स बेस्ट' सीजन-3 के लिए शामिल होंगी। दोनों टीमें इस सीजन के लिए केवल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की जगह लेंगी। हालांकि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सीजन 4 के लिए फिर से प्रो लीग में शामिल होंगे।

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ने पिछले महीने लीग के साथ-साथ आगामी एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप और एफआईएच हॉकी इंडोर विश्व कप से भी अपनी-अपनी सरकारों द्वारा लगाये गये कोविड संबंधित अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंधों के कारण नाम वापस ले लिया। भारत और स्पेन दोनों ने हाल ही में टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया था। भारत अपने पहले सेमीफाइनल में पहुंचा जबकि स्पेन शूट-आउट में ग्रेट ब्रिटेन से हारने के बाद केवल अंतिम चार से चूक गया।

Advertisment

एफआईएच ने किया स्वागत

एफआईएच के सीईओ थिएरी वेइल ने कहा कि एफआईएच हॉकी प्रो लीग के अगले संस्करण के लिए भारत और स्पेन जैसी महान टीमों का स्वागत करना अद्भुत है। खासकर टोक्यो में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद। यह एथलीटों के लिए बहुत अच्छा है और प्रशंसकों के लिए बहुत अच्छा है। एफआईएच की ओर से मैं हॉकी इंडिया और रॉयल स्पैनिश हॉकी फेडरेशन को हमारे निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने कहा कि आगामी एफआईएच हॉकी प्रो लीग में देश की भागीदारी से खिलाड़ियों को न केवल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा, बल्कि टीम के प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

India