/sky247-hindi/media/post_banners/J3CDtxUgXvO1GDXYAcO1.jpg)
Indian women hockey team in action. (Photo Source: Twitter)
भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंचकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, जिससे देश सहित पूरी दुनिया में उनका नाम हुआ। इस खेल महाकुंभ के बाद भारत को अब जाकर हॉकी एशिया कप में खेलने का मौका मिला है, जहां उन्होंने अपने पहले ग्रुप मैच में मलेशिया को 9-0 से रौंदकर बेहतरीन शुरुआत की। भारत के लिए वंदना कटारिया, नवनीत कौर और शर्मीला ने दो-दो, जबकि दीप ग्रेस एक्का, लालरेमसियामी और मोनिका ने एक-एक गोला किए।
पहला हाफ: भारतीय महिला टीम ने साफ किए इरादे
इतने लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना कभी भी आसान नहीं होता, लेकिन भारतीय महिला हॉकी टीम के खेल को देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा। घड़ी में बमुश्किल आठ मिनट हुए थे कि फॉरवर्ड वंदना कटारिया के गोल से भारत ने अपने इरादे जगजाहिर कर दिए। इसके दो मिनट भारतीय टीम को पेनाल्टी कार्नर मिला जिसे दीप ग्रेस एक्का ने गोल में तब्दील किया। तीसरा और चौथा गोल नवनीत कौर ने करते हुए भारतीय महिला टीम को हाफ टाइम पर 4-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरा हाफ: भारतीय महिला टीम ने अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा
दूसरे हाफ में भी टीम इंडिया का आक्रमण बरकरार रहा और उन्होंने लगातार मलेशियाई रक्षापंक्ति तथा गोलकीपर की परीक्षा ली। इसमें उन्हें सफलता भी मिली जब वंदना ने मैच में अपना दूसरा गोल किया। इसके कुछ ही मिनट बाद लालरेमसियामी और मोनिका ने भारत की बढ़त में इजाफा किया। अंत में शर्मिला ने 46वें और 59वें मिनट में गोल कर भारत को 9-0 से जीत दिलाई।
भारतीय महिला टीम को पिछले 17 मुकाबलों में मलेशिया से हार नहीं मिली थी और शुक्रवार को भी यह रिकॉर्ड टूटते हुए नजर नहीं आया। शुरुआती मैच में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भारत की अगली भिड़ंत एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता जापान से रविवार 23 जनवरी को होगी। गौरतलब है कि इस महिला एशिया कप की शीर्ष चार टीमें एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।