Advertisment

राफेल नडाल ने किया ऑस्ट्रेलियन ओपन पर कब्जा, जीता रिकॉर्ड 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब

स्पेन के राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के फाइनल में डेनियल मेदवेदेव को मात देकर अपना 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता।

author-image
Manoj Kumar
New Update
Rafael Nadal after winning the Australian Open 2022. (Photo Source: Twitter)

Rafael Nadal after winning the Australian Open 2022. (Photo Source: Twitter)

पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 स्पेन के राफेल नडाल ने रविवार को इतिहास रचते हुए 2022 ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वे 21 ग्रैंडस्लैम जीतने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी भी बन गए। चोट के कारण पांच महीने टेनिस कोर्ट से दूर रहने वाले नडाल ने फाइनल में रूस के डेनियल मेदवेदेव को 2-6, 6-7 (5), 6-4, 6-4, 7-5 से मात दी। 2009 में पहली बार यहां खिताब जीतने वाले नडाल का यह सिर्फ दूसरा ऑस्ट्रेलियन ओपन टाइटल है।

Advertisment

दोनों खिलाड़ियों ने इस मुकाबले में अपना सब कुछ झोंक दिया। पहले सेट का आगाज जोरदार टक्कर के साथ हुआ जिसमें नडाल और मेदवेदेव ने शुरू के 2 गेम में अपना सर्व बरक़रार रखा। इसके बाद मेदवेदेव ने लगातार दो ब्रेक गेम अपने नाम किया और आसानी से पहला सेट जीत लिया। दूसरे सेट में टाईब्रेकर तक गए मुकाबले में मेदवेदेव ने अंततः जीत दर्ज की।

दो सेट जीतने के बाद ऐसा लग रहा था कि आखिरकार अब उम्र का असर नडाल के खेल पर दिख रहा है, जिसमें वो अपने से दस साल छोटे मेदवेदेव की ऊर्जा की बराबरी नहीं कर पा रहे हैं। तीसरे सेट में फिर पिछड़ने के बाद उन्होंने खुद को संभाला और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। तीसरा सेट अपने नाम करने के बाद नडाल अपनी लय पकड़ चुके थे और उन्होंने अगले दोनों सेट भी जीत लिए।

जोकोविच और फेडरर ने दी राफेल नडाल के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बनने पर प्रतिक्रिया

नडाल ने 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतते ही स्विट्ज़रलैंड के रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच को पीछे छोड़ दिया। फेडरर ने नडाल की उपलब्धि पर इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "क्या बेहतरीन मैच था! मेरे दोस्त और महान प्रतिद्वंद्वी राफेल नडाल को 21 ग्रैंडस्लैम एकल खिताब जीतने वाले पहले व्यक्ति बनने पर हार्दिक बधाई। कुछ महीने पहले हम दोनों बैसाखी पर होने का मजाक उड़ा रहे थे। अद्भुत। एक महान चैंपियन को कभी कम मत समझो।"

वहीं, नोवाक जोकोविच ने ट्विटर पर नडाल को बधाई दी, साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 में महिला एकल चैंपियन एश्ली बार्टी को भी खिताब जीतने पर खास शब्द लिखे। वर्ल्ड नंबर 1 जोकोविच ने लिखा, "21वें ग्रैंडस्लैम के लिए राफेल नडाल को बधाई। अद्भुत उपलब्धि। डेनियल मेदवेदेव ने अपना सब कुछ मैच में झोंक दिया और उस जूनून के साथ मुकाबला खेला जैसी अब उनसे उम्मीद की जाती है।"

General News